‘चंद्रग्रह’ जैसे रस्तेका टोल क्यू? विकास का ढोल पीटने वाले नेताओं को जनता की पीड़ा नहीं दिखती?- रवि पुप्पलवार का तीखा सवाल
श्रेयश वानखेडे: बल्लारपूर-चंद्रपूर से वरोरा महामार्ग की हालत चंद्रग्रह के गड्ढों जैसी हो गई है, फिर भी इस रास्ते पर लगातार टोल वसूली जारी है. आम आदमी पार्टी, बल्लारपूर शहर अध्यक्ष रवि पुप्पलवार ने इस पर तीव्र रोष व्यक्त किया है. अधिकारियों से लेकर विधायकों और सांसदों तक, सभी ने इस गंभीर मुद्दे की अनदेखी की है. रवि पुप्पलवार ने प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को भी फटकार लगाई है. उन्होंने सवाल उठाया कि विकास के खोखले ढोल बजाने वाले नेताओं को वोट मांगते समय ही जनता की याद आती है क्या? पिछले कई महीनों से बल्लारपूर-चंद्रपूर-वरोरा महामार्ग की हालत बहुत खराब है. जगह-जगह गड्ढे हैं और सड़क पर गिट्टी फैली होने से वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है. पुप्पलवार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में इस महामार्ग पर कोई बड़ी दुर्घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय विधायक, सांसद और संबंधित अधिकारियों की होगी.
इस गंभीर मुद्दे पर रवि पुप्पलवार ने संबंधित विभाग के अभियंता तिवारी से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि ‘विश्वराज कन्स्ट्रक्शन’ कंपनी को कई बार नोटिस देने के बावजूद ठेकेदार सड़क की मरम्मत नहीं कर रहा है. ” विश्वराज कन्स्ट्रक्शन कंपनी को 2041 तक विसापूर और वरोरा में टोल वसूली करने की अनुमति है. महामार्ग की मरम्मत, साफ-सफाई और रखरखाव करना उनकी जिम्मेदारी है. इसके बावजूद, ठेकेदार अपना कर्तव्य नहीं निभा रहा है और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. तो आम जनता इसे क्या समझे? ” स्थानीय नेताओं और अधिकारियों की चुप्पी पर पुप्पलवार ने गंभीर आरोप लगाया कि ठेकेदार, नेता और अधिकारियों के बीच मिलीभगत है और उन्हें इसमें से ‘कमीशन’ मिल रहा है. अगर विधायक, सांसद और अधिकारियों के बीच साठगांठ नहीं है, तो उन्हें तुरंत सड़क की मरम्मत होने तक टोल वसूली रोककर दिखानी चाहिए, ऐसी सीधी चुनौती पुप्पलवार ने दी है.