बल्लारशाह रेल स्टेशन पर अस्वच्छता से यात्री परेशान लिफ्ट बंद होने से वृध्द, बीमार यात्री हलाकान
श्रेयश वानखेडे:
बल्लारशाह रेल स्टेशन मध्य रेलवे का सबसे महत्वपूर्ण जंक्शन है. यह मध्य रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का इंटरचेंज पाईन्ट है. महाराष्ट्र और तेलंगाना की सीमा पर स्थित इस रेल स्टेशन से नई दिल्ली की ओर जानेवाली और चेन्नई की ओर जानेवाली कई ट्रेनों का प्रतिदिन आवागमन होने से यात्रियों की संख्या भी काफी है. परंतु इतने महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन के बाद भी यहां रखरखाव का अभाव साफ नजर आता है. यहां चारों ओर कूडा_ कचरा और गंदगी से यात्रियों को असुविधा हो रही है. साथ ही लिफ्ट की सुविधा दी गई परंतु बंद पडी होने से वृध्दजनों और बीमार यात्रियों के लिए काफी परेशानी है. यात्रियों को हो रही परेशानियों और असुविधा को देखते हुए चंद्रपुर जिला रेलवे यात्री एसो. बल्लारशाह के अध्यक्ष श्रीनिवास सूंचूवार ने ओबीसी आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व केन्द्रीय गृहराज्यमंत्री हंसराज अहीर, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को निवेदन प्रेषित कर बल्लारशाह रेल स्टेशन पर उचित स्वच्छता रखने और लिफ्ट शुरू करने की मांग की है.
अपने निवेदन में श्रीनिवास सूंचूवार ने कहा कि बल्लारशाह रेलवे जंक्शन ऐतिहासिक महत्व रखता है. कुछ वर्षों पूर्व ली गई स्वच्छ रेल स्टेशन की राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में इस स्टेशन ने प्रथम स्थान पाया था. परंतु उसके बाद से साफ_ स्वच्छता पर पूरी तरह से ध्यान हटा दिए जाने से प्लेटफार्मों और विश्रामगृह आदि पर चारों ओर कूडा कचरा, यात्रियों द्वारा फेंकी गई खाद्य सामग्री, खाली बोतलें दिखाई देती है. यहां बडी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है. बल्लारशाह रेल स्टेशन की छवि को धब्बा लग रहा है.
इसी तरह बल्लारशाह रेल स्टेशन पर लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध तो करायी गई है परंतु यह लिफ्ट शुरू नहीं की गई है. ऐसे में प्लेटफार्म क्र. 1 से दो, तीन, चार प्लेटफार्म पर जाने के लिए वयोवृध्द, बीमार मरीज को उंचाई तक सीढियों पर चढाकर ले जाना पडता है. ऐसे में कई बार ट्रेन छूट जाती है. वृध्दों और बीमार यात्रियों का काफी असहनीय समस्याओं का सामना करना पड रहा है. इसलिए इन समस्याओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है ऐसी मांग चंद्रपुर जिला यात्री रेलवे एसो. बल्लारशाह के अध्यक्ष श्रीनिवास सूंचूवार ने की है.