‘AAP’ बल्लारपूर का प्रशासन और चुनाव आयोग पर प्रहार
बल्लारपुर शहर की मतदाता सूची में गड़बड़ी तुरंत बंद करें!
श्रेयश वानखेडे:
बल्लारपुर शहर में आगामी स्थानीय स्वशासन चुनावों से पहले मतदाता सूची में चल रही गड़बड़ी के खिलाफ आम आदमी पार्टी, बल्लारपुर ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है. लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को हुई परेशानी को दोहराने से रोकने के लिए, मतदाता सूची को तुरंत दुरुस्त करने की मांग करते हुए, प्रशासन और चुनाव आयोग की निष्क्रियता पर ‘प्रहार’ किया है.
शहर अध्यक्ष रवि पुप्पलवार के नेतृत्व में जिलाधिकारी, चंद्रपुर को तहसीलदार, बल्लारपुर के माध्यम से ज्ञापन दिया गया, ज्ञापन में कहा है कि, “बल्लारपुर शहर की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गंभीर त्रुटियां और गलतियां हैं. एक वार्ड के मतदाता दूसरे वार्ड में, कुछ मृत व्यक्तियों के नाम सूची में बरकरार, तो गांव और वार्ड छोड़कर गए व्यक्तियों के नाम आज भी मतदाता सूची में वहीं हैं. यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि स्थानीय नेताओं द्वारा बूथ लेवल ऑफिसर के साथ मिलीभगत करके वोटों के लिए जानबूझकर की जा रही धोखाधड़ी का परिणाम होने की हमें प्रबल आशंका है!”
पुप्पलवार ने बताया कि हाल ही में हुए चुनावों में कई मतदाताओं को अपना नाम अपने वार्ड के बजाय दूसरे वार्ड की सूची में मिलने से अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ी. “इससे मतदाताओं को एक बूथ से दूसरे बूथ पर भागना पड़ा और कई लोग तो अपना वोट भी नहीं डाल पाए. यह लोकतंत्र का घोर अपमान है!”
‘AAP’ की प्रशासन से स्पष्ट मांग है कि:
– बल्लारपुर शहर के प्रत्येक बूथ लेवल ऑफिसर अपने वार्ड के प्रत्येक परिवार के घर जाकर मतदाता सूची की तुरंत और गहन जांच करें.
– प्रत्येक जीवित मतदाता का नाम सही वार्ड में ही होने की पुष्टि करें.
– गलत जगह शामिल किए गए नाम, मृत व्यक्तियों के नाम और स्थानांतरित हुए लोगों के नाम तत्काल मतदाता सूची से हटाए जाएं.
“फर्जी मतदाताओं से चुनाव प्रक्रिया पर विपरीत प्रभाव पड़ता है और मतदाताओं का लोकतंत्र पर से विश्वास कम होता है. जिला प्रशासन इस गंभीर मामले पर तुरंत ध्यान दे और कठोर कार्रवाई करे और आगामी स्थानीय स्वशासन चुनावों से पहले मतदाता सूची को पूरी तरह से दुरुस्त करे, ताकि मतदाताओं को कोई परेशानी न हो और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न हो,” पुप्पलवार ने दृढ़ता से कहा.
इस संदर्भ में, बल्लारपुर नगरपरिषद चुनाव प्रक्रिया के अधिकारी, शहर के सभी बूथ लेवल ऑफिसर, चुनाव आयोग अधिकारी, साथ ही सभी पार्टियो के प्रतिनिधिमंडल की तत्काल संयुक्त बैठक बुलाने की मांग ‘AAP’ बल्लारपूर ने की है.
ज्ञापन देते समय शहर अध्यक्ष रवि पुप्पलवार, प्रवक्ता आसिफ शेख, महिला उपाध्यक्ष मनीषा अकोले, ASAP सचिव हर्षद खंडागड़े और इत्यादि पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.