बल्लारपूर के आदित्य प्लाजा में रहने वाले लोग परेशान
बिल्डर और प्रशासन की उपेक्षा के कारण ‘AAP’ से मदद की गुहार!
श्रेयश वानखेडे : शहर मे स्थित आदित्य प्लाजा इमारत के फ्लॅट में रहने वाले लोगों और दुकान मालिकों को कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खराब गुणवत्ता का निर्माण, पार्किंग में पानी का जमाव और इमारत के अंदर ही शराब की दुकानों के कारण निवासियों का जीवन असुरक्षित हो गया है। बिल्डर अंकलेश खैरे, नगरपालिका और अन्य स्थानीय राजनीतिक दलों ने इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया है। आखिरकार, निराश होकर निवासियों ने आम आदमी पार्टी के शहर अध्यक्ष रवि पुप्पलवार से मदद मांगी है। खराब निर्माण से बढ़ता खतरा
निवासियों का आरोप है कि बिल्डर अंकलेश खैरे ने इमारत का निर्माण बहुत खराब तरीके से किया है। बेसमेंट में स्थित पार्किंग क्षेत्र में पानी रिस रहा है, जिससे पानी जमा हो जाता है। इससे बुजुर्गों और बच्चों को आने-जाने में बहुत परेशानी होती है और अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। निवासियों का दावा है कि निर्माण की इस खराब गुणवत्ता ने फ्लैट और दुकान खरीदने वालों के साथ धोखा किया है। शराब की बिक्री से बढ़ी असुरक्षा आदित्य प्लाजा इमारत में एक बियर बार और चार बियर शॉपीज होने के कारण आसपास का माहौल खराब हो गया है। शराबी लोग इमारत के गेट के सामने बैठकर शराब पीते हैं, गाली-गलौज करते हैं, जोर-जोर से शोर मचाते हैं, और वहीं कचरा और पेशाब करते हैं। देर रात तक चलने वाले इस हंगामे के कारण महिलाओं और लड़कियों के लिए घर से बाहर निकलना या रात में घूमना असुरक्षित हो गया है। शराबियों के गलत व्यवहार से निवासियों को पार्किंग में अपनी गाड़ियां लगाने और निकालने में भी परेशानी होती है।
बिल्डर और प्रशासन की उपेक्षा इन सभी समस्याओं के बारे में निवासियों ने बिल्डर अंकलेश खैरे से कई बार शिकायत की, लेकिन उन्होंने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसके अलावा, बल्लारपूर नगरपालिका को निवेदन देने के बाद भी प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। अन्य राजनीतिक दलों से भी मद्द मांगी गई, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया। इसी वजह से परेशान निवासियों ने आप के शहर अध्यक्ष रवि पुप्पलवार को लिखित आवेदन देकर इस पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। बिल्डर और प्रशासन के इस रवैये से निवासियों में काफी गुस्सा है। पुप्पलवार ने निवासियों को आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही इस समस्या का समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।